धमतरी 22/02/2026धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह उस समय दुखद घटना में बदल गया, जब बैंड-बाजा से जुड़े लोगों और बारातियों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य घायलों को उपचार के बाद खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात चौथिया कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
धमतरी के मगरलोड में शादी समारोह में बवाल: बैंड-बाजा विवाद ने ली युवक की जान, 7 आरोपी गिरफ्तार