केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर दौरे की तैयारियां तेजउप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नेतानार पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

जगदलपुर, 16 मई 2026। केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित बस्तर प्रवास को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शनिवार को जगदलपुर विकासखंड के नेतानार स्थित शहीद गुण्डाधुर सेवा डेरा पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विजय शर्मा ने सेवा डेरा परिसर में संचालित सेवा सेतु केंद्र, बैंक सखी केंद्र तथा महिला स्व सहायता समूहों द्वारा संचालित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने समूह की महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों और आजीविका से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली तथा महिलाओं की आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की महिलाएं स्व सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सेवा सेतु केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने शहीद गुंडाधुर की प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन और सजावट की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विजय शर्मा ने कहा कि शहीद गुंडाधुर की स्मृति से जुड़ा यह स्थल बस्तर के गौरव और जनआस्था का प्रतीक है, इसलिए यहां सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और आकर्षक होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद महेश कश्यप, प्रमुख सचिव निहारिका बारीक, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास भीम सिंह, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *