बीजापुर में नक्सलियों का आईईडी धमाका: STF जवान गंभीर घायल, एयरलिफ्ट कर रायपुर रेफर


,बीजापुर /बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गलगम क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की आधिकारिक पुष्टि चंद्रकांत गवर्ना (एडिशनल एसपी) ने की है।
मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबलों की टीम गलगम के घने जंगलों में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान पर निकली थी। इसी दौरान STF के प्रधान आरक्षक नीलकंठ सिंह का पैर नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथी जवानों ने तुरंत उन्हें कैंप पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है। फिलहाल जवान की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षाबलों द्वारा सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *