ओडिशा से जगदलपुर आ रही गांजा खेप पकड़ी गई: 42 किलो से ज्यादा नशीला पदार्थ, पिस्टल और कारतूस बरामद

जगदलपुर, 24 फरवरी 2026।
बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा, एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी ओडिशा से इन्नोवा वाहन के जरिए जगदलपुर में नशे की सप्लाई करने आ रहे थे।
पुलिस के अनुसार 23 फरवरी की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की इन्नोवा (OD02K8007) में अवैध गांजा लेकर दो व्यक्ति जगदलपुर की ओर बढ़ रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना बोधघाट की टीम ने नेशनल हाईवे-63 पर आड़ावाल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर गांजा बरामद हुआ।
जांच में वाहन सवार आरोपियों की पहचान बाल्बो उर्फ बल्लब भत्तरा (40 वर्ष) निवासी मोहरगुड़ा थाना पापडाहांडी जिला नबरंगपुर (ओडिशा) तथा अमरज्योति हिरन (44 वर्ष) निवासी खोलीगुड़ा थाना डाबूगांव जिला नबरंगपुर (ओडिशा) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट से भूरे टेप में लिपटे 8 पैकेटों में कुल 42.431 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 21.21 लाख रुपये), एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, 2200 रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। परिवहन में प्रयुक्त इन्नोवा वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर 24 फरवरी को विशेष न्यायालय एनडीपीएस जगदलपुर में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *