छतरपुर। 24अगस्त 2026/लवकुशनगर थाना क्षेत्र में दो मासूम सगे भाइयों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार को स्कूल से घर लौटते समय लापता हुए 11 वर्षीय सचिन यादव और 9 वर्षीय प्रेम यादव के शव रविवार दोपहर पहाड़तरे के पुरवा के पास एक कुएं से बरामद हुए। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक-2 के सिद्दन मोहल्ला निवासी निरपत यादव के दोनों बेटे स्थानीय क्लाइमेक्स इंग्लिश स्कूल में पढ़ते थे। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे स्कूल से घर लौटते समय दोनों अचानक लापता हो गए। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर मां संगीता यादव ने लवकुशनगर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण की शिकायत दर्ज कराई।
पांच टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए पांच टीमें गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संभावित रास्तों पर जांच की। रविवार दोपहर पुलिस टीम पहाड़तरे के पुरवा के पास पहुंची, जहां एक कुएं में दोनों बच्चों के शव मिले। शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मां से करीबी संबंध रखने वाले व्यक्ति पर शक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्चों की मां से करीबी संबंध रखने वाले बालेंद्र सिंह निवासी पुरवा बम्होरी का नाम सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कथित तौर पर बच्चों को रास्ते से हटाने के लिए उनका अपहरण कर हत्या की और शव कुएं में फेंक दिए। हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
आरोपी की तलाश में दो टीमें
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए पांच टीमें लगाई गई थीं और दोनों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। पुलिस आरोपी और मृत बच्चों की मां के बीच संबंधों समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।