एक फोन कॉल ने खोला 27 दिन पुरानी हत्या का राज: प्रेमिका की गला दबाकर हत्या, नहर में फेंका शव

नोएडा। 24अगस्त 2026/सेक्टर-66 के मामूरा गांव में 27 जुलाई को हुई महिला की हत्या का पुलिस ने 27 दिन बाद खुलासा कर दिया। साथ रहने वाली प्रेमिका की गला दबाकर हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को दादरी के पास कोट नहर में फेंक दिया था। बाद में शव मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी की एक फोन कॉल ने ही हत्या का पूरा राज खोल दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुभाष चंद्र (32) ने शराब के नशे में अपनी पहली पत्नी को फोन किया था। उसने पत्नी से तलाक का मुकदमा वापस लेकर दोबारा साथ रहने का दबाव बनाया। साथ ही धमकी दी कि अगर वह साथ नहीं रही तो उसे भी उसी तरह ठिकाने लगा दिया जाएगा। इस धमकी से घबराई पत्नी ने 20 अगस्त को फेज-3 थाने में शिकायत दर्ज कराई और साथ रहने वाली महिला की हत्या की आशंका जताई।

पत्नी की शिकायत से शुरू हुई जांच

पुलिस जांच में सामने आया कि सुभाष अपनी पत्नी को छोड़ने के बाद दूसरी महिला के साथ मामूरा में रह रहा था। पहली पत्नी ने वर्ष 2021 में तलाक का मुकदमा दायर किया था, जो अभी चल रहा है।

पूछताछ में सुभाष ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी प्रेमिका के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

बाइक पर शव ले गए, बीमारी का दिखावा किया

हत्या के बाद सुभाष ने अपने चचेरे भाई सर्वेंद्र और बहनोई के भाई नीरज को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। रात में महिला के शव को बाइक पर बीच में इस तरह बैठाकर ले जाया गया कि राहगीरों को वह बीमार नजर आए।

इसके बाद शव को पिकअप वाहन में रखा गया और तीनों उसे दादरी के पास कोट नहर में फेंक आए। अगले ही दिन सुभाष ने मामूरा स्थित अपना किराए का कमरा खाली कर दिया और फिरोजाबाद चला गया।

मथुरा में मिला था शव

महिला का शव 31 जुलाई को मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में जरारा और रसिकंदरपुर गांव के पास नहर से बरामद हुआ था। उस समय शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। दूसरी ओर, पत्नी की शिकायत और धमकी की जांच के दौरान पुलिस की सुई सुभाष तक पहुंची और पूछताछ में हत्या का राज खुल गया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी सुभाष चंद्र के अलावा शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले उसके चचेरे भाई सर्वेंद्र और बहनोई के भाई नीरज को भी गिरफ्तार किया है।

एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा दीक्षा सिंह के मुताबिक, पत्नी को मिली धमकी और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, जिसके बाद आरोपी को पकड़कर हत्या का खुलासा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *