धान का कटोरा बन रहा नशे का कटोरा: कोंडागांव में मक्के के खेत में गांजा खेती का भंडाफोड़, 10.50 लाख का गांजा जब्त

28मार्च26

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में अवैध गांजा खेती का बड़ा मामला सामने आया है। फरसगांव थाना क्षेत्र के पावरास पीपरा गांव में मक्के के खेत में छिपाकर गांजा की खेती की जा रही थी, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 686 गांजा के पौधे बरामद किए हैं। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में मक्के की फसल के बीच अवैध रूप से गांजा उगाया जा रहा है। सूचना के आधार पर फरसगांव पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी और खेत की जांच की, जहां बड़ी मात्रा में गांजा के पौधे पाए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभिराम यादव (29 वर्ष) और श्रवण कुमार उइके (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। मौके से गांजा के पौधों के साथ गांजा मिश्रित मिट्टी भी जब्त की गई और साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को उनके वैधानिक अधिकारों से अवगत कराते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पूरी होने के बाद आरोप पत्र कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध गांजा खेती करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने अन्य खेतों की भी जांच करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *