28मार्च26
कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में रामनवमी के दिन पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मवेशी और एक छोटा हाथी वाहन जब्त किया है।
पुलिस को 26 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि एक छोटा हाथी वाहन में गौवंश को अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पखांजूर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर पहुंचकर वाहन क्रमांक MH 33 T 6556 को रोका गया। जांच के दौरान वाहन में तीन गौवंश को क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मवेशियों को महाराष्ट्र के रास्ते तेलंगाना के बूचड़खाने ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में नरेश अरुण मराठे (29 वर्ष), सुशील लक्ष्मण पेंदाम (23 वर्ष) और विनोद शरद मेश्राम (35 वर्ष) शामिल हैं, जो महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2011, पशु क्रूरता अधिनियम 1960 और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। कांकेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।