बस्तर में खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहारअवैध रेत परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त, छापेमारी से मचा हड़कंप

जगदलपुर, 16 मई 2026। बस्तर जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए खनिज माफियाओं पर बड़ा शिकंजा कसा है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जिला खनिज जांच दल ने ग्राम बड़ेआमाबाल के हल्दीमारी और पालबहार क्षेत्र में औचक छापेमार कार्रवाई की, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में शनिवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों वाहनों में गौण खनिज रेत भरी हुई थी, जिसे तत्काल जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
कार्रवाई के दौरान जांच दल ने अवैध उत्खनन में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री भी बरामद की। मौके से 15 रापा और 13 तगाड़ी जब्त की गईं, जो अवैध रेत खनन में उपयोग की जा रही थीं। प्रशासन ने वाहन मालिकों और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरी कार्रवाई जिला खनिज जांच दल के प्रभारी एवं खनिज निरीक्षक अंकित पुरी तथा खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे की मौजूदगी में संपन्न हुई।
प्रशासन के अनुसार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने साफ किया है कि बिना अभिवहन पास के खनिज परिवहन करना दंडनीय अपराध है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *