श्रीनगर19जुलाई 2026/जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पूंछ जिलों में शनिवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। 100 मिमी से अधिक वर्षा के कारण कई निचले इलाके जलमग्न हो गए, जबकि घरों, सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। हादसे में जनहानि की भी खबरें सामने आई हैं।
प्रशासन के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस, सेना और स्थानीय स्वयंसेवकों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने स्थिति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ घंटों तक सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
वहीं, खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का दावा कर रहा है।