धमतरी 19जुलाई 2026/अगर आपको फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी या सोशल मीडिया रील बनाने का शौक है, तो यह खबर आपके लिए खास है। धमतरी जिला प्रशासन ने जिले की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से “मानसून रील एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता-2026” की शुरुआत की है। प्रतियोगिता 17 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर के फोटोग्राफर, कंटेंट क्रिएटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, विद्यार्थी और आम नागरिक हिस्सा ले सकते हैं।
मानसून में धमतरी की खूबसूरती को कैमरे में करें कैद
प्रतियोगिता का मुख्य विषय “मानसून के दौरान धमतरी पर्यटन की सुंदरता” रखा गया है। प्रतिभागियों को जिले के झरने, जंगल, नदियां, पहाड़ियां, धार्मिक और पर्यटन स्थलों की मनमोहक तस्वीरें एवं रील तैयार कर सोशल मीडिया पर साझा करनी होंगी।
विजेताओं को मिलेगा आकर्षक नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार घोषित किए गए हैं—
- प्रथम पुरस्कार : ₹50,000
- द्वितीय पुरस्कार : ₹21,000
- तृतीय पुरस्कार : ₹11,000
इसके अलावा शीर्ष 10 प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर करना होगा टैग
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को अपनी फोटो या रील सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते समय @dhamtaridistrict.official और @dhamtari.tourism को टैग या कोलैब करना अनिवार्य होगा।
पर्यटन को मिलेगी नई पहचान
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि धमतरी जिला प्राकृतिक सौंदर्य, घने जंगलों, झरनों, हरी-भरी वादियों और धार्मिक स्थलों से समृद्ध है। मानसून के मौसम में यहां की खूबसूरती और भी निखर जाती है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य जिले के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर्यटन को बढ़ावा देने का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। युवाओं द्वारा बनाई गई आकर्षक रील और तस्वीरें धमतरी की सकारात्मक छवि को देशभर में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने युवाओं, विद्यार्थियों, फोटोग्राफरों और कंटेंट क्रिएटर्स से बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि यह सिर्फ पुरस्कार जीतने का अवसर नहीं, बल्कि धमतरी की प्राकृतिक धरोहर, संस्कृति और पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने का अभियान भी है।