छठ पर्व की तैयारियों का जायजा लेने छठ घाट पहुंचीं कलेक्टर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

सूरजपुर में रेण नदी के छठ घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए गोताखोरों की होगी तैनाती

12नवंबर2026/

सूरजपुर सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर रेना जमील ने गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रेण नदी स्थित छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों से चर्चा कर आयोजन की रूपरेखा और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। घाट और पूजा स्थलों पर सुरक्षा के लिए नगर सैनिकों एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं, मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।

घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर और स्वास्थ्य टीम

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने जलाशय में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घाटों पर निगरानी, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य टीम और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

कलेक्टर ने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से छठ पर्व मना सकें।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद सूरजपुर के उपाध्यक्ष शैलेष अग्रवाल, एसडीएम प्रशांत कुशवाहा, नगर पुलिस अधीक्षक विशाल गर्ग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और छठ पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *