18 साल के युवाओं के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 11 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

कांकेर जिले के सभी 767 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, नाम जोड़ने से लेकर संशोधन और विलोपन तक की मिलेगी सुविधा

उत्तर बस्तर कांकेर, 12 नवंबर 2026। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत भारत निर्वाचन आयोग ने फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को कांकेर जिले के सभी 767 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। अब पात्र नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, गलतियों में सुधार कराने और नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

इस पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को पहली बार मतदाता बनने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं।

नाम जुड़वाने के लिए प्रारूप-6 में आवेदन करना होगा। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्रारूप-8 और किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 में आवेदन किया जा सकता है।

नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर नियुक्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा अभिहित अधिकारी के पास आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही घर बैठे ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचन विभाग ने युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जरूर जांच लें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *