जिला पंचायत सीईओ और अपर कलेक्टर होंगे नोडल अधिकारी, अधिकारियों को लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर, 28 अगस्त 2026।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी एवं त्वरित क्रियान्वयन को लेकर कांकेर जिले में प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था मजबूत कर दी है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने योजना की प्रगति पर लगातार नजर रखने के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया है। जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी और अपर कलेक्टर जितेन्द्र कुर्रे को समिति का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
समिति में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित कांकेर के कार्यपालन अभियंता सतीश किण्डो, भानुप्रतापपुर के कार्यपालन अभियंता सुरेश ठाकुर तथा पखांजूर के कार्यपालन अभियंता जी.एन. देवांगन को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी निगरानी समिति के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
लक्ष्य हासिल करने अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर कुंदन कुमार ने समिति के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है। इसलिए अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर योजना के निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना सुनिश्चित करें। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में हो रही प्रगति से प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना है उद्देश्य
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आवासीय परिसरों में रूफटॉप सोलर प्लांट को बढ़ावा देकर लोगों को स्वयं बिजली उत्पादन के लिए सक्षम बनाना और बिजली के क्षेत्र में उपभोक्ताओं को आत्मनिर्भर बनाना है। कांकेर जिले में निगरानी समिति के गठन से योजना के क्रियान्वयन में तेजी आने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से हासिल करने की उम्मीद है।