17मई 2026
दंतेवाड़ा। जिले में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.400 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कटेकल्याण से दंतेवाड़ा की ओर लाल रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटेकल्याण रोड स्थित पानी टंकी के पास वाहन चेकिंग शुरू की।
चेकिंग के दौरान बताए गए हुलिए का व्यक्ति बाइक में आता दिखाई दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम निरंजन बढ़ई (35 वर्ष) निवासी टिकरापारा, दंतेवाड़ा बताया। तलाशी लेने पर बाइक की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा 2.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर गांजा और अन्य सामान जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गांजा बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।