बीजापुर23सितम्बर 2026/जिले के बेदरे थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप21सितंबर को बरामद किया है। लंका पहाड़ी के जंगल से मिले इस डंप में SLR/LMG और INSAS रायफल के साथ .315 बोर बंदूक, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड तथा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बलों की टीम इलाके में सघन सर्चिंग और डिमाइनिंग कर रही थी। इसी दौरान जमीन के अंदर संदिग्ध सामग्री छिपी होने का पता चला। जांच के बाद वहां हथियार और अन्य सामग्री छिपाकर रखे जाने की पुष्टि हुई।
ये सामग्री हुई बरामद
बरामद सामान में एक SLR/LMG रायफल, एक INSAS रायफल, एक .315 बोर बंदूक और दो BGL लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा 17 BGL सेल, एक चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 SLR राउंड, 15 .315 बोर राउंड और 15 BGL कारतूस मिले हैं। सुरक्षा बलों ने चार SLR मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन समेत अन्य सामग्री भी जब्त की है।
बरामद हथियार और गोला-बारूद को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही डंप से जुड़े लोगों और इलाके में मौजूद संभावित अन्य ठिकानों की तलाश की जा रही है।
सितंबर में कई जगह बरामद हुए हथियार और विस्फोटक
बीजापुर जिले में सितंबर के दौरान अलग-अलग सर्चिंग अभियानों में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बल अब बेदरे क्षेत्र में भी संभावित अन्य ठिकानों की तलाश कर रहे हैं।