7मई2026
जगदलपुर में सार्वजनिक जगह पर चाकू लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला बोधघाट थाना क्षेत्र के तिरंगा चौक के पास का है, जहां एक युवक के हाथ में बटनदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत करने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान नया मुंडा तिरंगा चौक निवासी 26 वर्षीय हरीश तांती के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।