11मई2026
दन्तेवाड़ा। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीदम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गीदम के मुर्गा बाजार इलाके में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर बेचते गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में शराब, बीयर और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुर्गा बाजार के पास एक व्यक्ति बैग में शराब रखकर चोरी-छिपे बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुद को गीदम निवासी कन्हैया लाल यादव बताया।
तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त सामग्री में 180 एमएल की 35 बोतल अंग्रेजी व्हीस्की और 650 एमएल की 10 बीयर शामिल हैं। इसके अलावा शराब बिक्री से जुड़ी नकदी रकम भी पुलिस ने बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 6 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दन्तेवाड़ा पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।