कांकेर 17अगस्त 2026/छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से लगे इलाके में बाघ की दस्तक ने ग्रामीणों में दहशत बढ़ा दी है। पखांजूर क्षेत्र से लगे महाराष्ट्र के इलाके में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, कांकेर जिले के पी.व्ही.-19 गांव में बाघ के पगमार्क मिलने और गाय का शिकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसी बीच सड़क किनारे घूमते बाघ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना के बाद छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र, दोनों राज्यों का वन अमला अलर्ट हो गया है। वन विभाग की टीमें बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं और ग्रामीणों से जंगल व सुनसान इलाकों में अकेले नहीं जाने की अपील की गई है।
पी.व्ही.-19 में मिले बाघ के पगमार्क
वन विभाग के अनुसार पखांजूर क्षेत्र के पी.व्ही.-19 गांव में मिले पदचिह्न बाघ के ही हैं। इसी इलाके में बाघ द्वारा एक गाय का शिकार किए जाने की सूचना भी मिली है। इसके बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और बाघ की संभावित मौजूदगी वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतें।
महाराष्ट्र में बाघ के हमले में ग्रामीण की मौत
पखांजूर सीमा से लगे महाराष्ट्र के दोढाडा गांव में जंगल की ओर गए ग्रामीण हरीलाल वड्डडे पर बाघ ने हमला कर दिया। हमले में उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सीमावर्ती गांवों में दहशत और बढ़ गई है।
सड़क किनारे खड़ा दिखा बाघ, VIDEO वायरल
बाघ की मौजूदगी का एक वीडियो भी सामने आया है। सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने कार के अंदर से सड़क किनारे खड़े बाघ का वीडियो बना लिया। वीडियो में बाघ सड़क के किनारे घूमता और लोगों की ओर देखता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
बाघ की मूवमेंट पर वन विभाग की नजर
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र का यह इलाका बाघ कॉरिडोर के रूप में जाना जाता है। हालांकि, कांकेर जिले की सीमा के भीतर बाघ की मौजूदगी इस तरह सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
वन विभाग की टीमें बाघ की मूवमेंट पर लगातार नजर रख रही हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बाघ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, उसका पीछा न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
सावधानी जरूरी: बाघ की मौजूदगी वाले इलाकों में ग्रामीण अकेले जंगल की ओर जाने से बचें और रात के समय विशेष सतर्कता बरतें।