माओवाद मुक्त बस्तर में विकास की नई तस्वीर: चेन्नई पीआईबी टीम ने जाना सुरक्षा, शिक्षा और नवाचार का मॉडल

जगदलपुर, 17 अगस्त 2026। माओवाद मुक्त बस्तर में सुरक्षा के साथ विकास की रफ्तार और नवाचारों ने देशभर का ध्यान आकर्षित किया है। इसी क्रम में चेन्नई पीआईबी की मीडिया टीम ने सोमवार को जगदलपुर पहुंचकर बस्तर में हो रहे सकारात्मक बदलावों को करीब से जाना। पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में अधिकारियों ने टीम को सुरक्षा, विकास, शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार और पुनर्वास से जुड़े प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह, आईजी श्री बीएन मीणा, कलेक्टर श्री आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री तन्मय खन्ना उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बताया कि माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों को गति मिली है।

प्रस्तुति में शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार, पुनर्वास तथा क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि बस्तर में सुरक्षा और विकास को एक-दूसरे का पूरक बनाकर ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और अवसरों का विस्तार किया जा रहा है।

चित्रकोट की खूबसूरती से पण्डूम कैफे तक, बदलाव की कहानी देखी

चेन्नई की मीडिया टीम ने बस्तर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया और क्षेत्र की प्राकृतिक एवं पर्यटन संपदा को करीब से देखा। इसके बाद टीम ने पण्डूम कैफे पहुंचकर पुनर्वासित लोगों से संवाद किया। उन्होंने पुनर्वास के बाद जीवन में आए बदलाव, स्वरोजगार के अवसरों और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के अपने अनुभव मीडिया टीम के साथ साझा किए।

एकलव्य विद्यालय में विद्यार्थियों से जाना शिक्षा का बदलता स्वरूप

मीडिया टीम ने एकलव्य विद्यालय का भी भ्रमण किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। टीम ने विद्यार्थियों से उनकी शिक्षा, उपलब्ध सुविधाओं, भविष्य के लक्ष्यों और बस्तर में बदलते शैक्षणिक वातावरण के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं रोजगारपरक अवसरों को भी समझा गया।

चेन्नई पीआईबी के निदेशक श्री पी. अरुण कुमार के नेतृत्व में बस्तर के अध्ययन भ्रमण पर पहुंची मीडिया टीम ने सुरक्षा से लेकर विकास, शिक्षा, पुनर्वास और पर्यटन तक विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे बदलावों को करीब से देखा। टीम ने बस्तर में अपनाए जा रहे नवोन्मेषी प्रयासों और माओवाद मुक्त वातावरण में तेजी से बदलती विकास की तस्वीर की जानकारी भी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *