जगदलपुर, 17 अगस्त 2026। बाढ़ जैसी आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों को परखने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 20 अगस्त को इंद्रावती नदी के छोटा पुल में बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
यह मॉक ड्रिल राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में होगी।
मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ की स्थिति में राहत, बचाव, रेस्क्यू ऑपरेशन और विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय की तैयारियों का अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमियों को पहचानना और उन्हें दूर करना है।
मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए अपर कलेक्टर श्री सी.पी. बघेल को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही सभी राजस्व अधिकारियों को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा न समझें। यह पूरी तरह से प्रशिक्षण और अभ्यास की प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य बाढ़ जैसी आपात स्थिति में प्रशासन और संबंधित विभागों की तैयारियों को मजबूत करना है।