शिक्षकों की कमी पर फूटा छात्रों-ग्रामीणों का गुस्सा, स्कूल में जड़ दिया ताला

धमतरी। 17अगस्त 2026/जिले के बारना गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी को लेकर विद्यार्थियों और ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया है। पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने सोमवार को स्कूल में तालाबंदी कर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण धरने पर बैठ गए, जबकि विद्यार्थियों ने नारे लगाने के साथ गाना गाकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पर्याप्त शिक्षक नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

पांच महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक नहीं

स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, रसायन और भूगोल जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की कमी है। इसके चलते विद्यार्थियों को नियमित रूप से इन विषयों की पढ़ाई करने में परेशानी हो रही है।

तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग

ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन समिति ने शासन-प्रशासन से रिक्त पदों पर तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी लंबे समय से विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अब वे इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *