मंडी जाने की झंझट खत्म, गांव में ही बिका 3,850 क्विंटल मक्का; किसानों को मिले बेहतर दाम

बिहान की पहल से बकावंड और दरभा के किसानों को सीधा बाजार, परिवहन खर्च और बिचौलियों से भी मिली राहत

जगदलपुर, 22 नवंबर 2026। बस्तर में बिहान की पहल से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों और दूर के बाजारों पर निर्भरता कम होने लगी है। बकावंड और दरभा विकासखंड में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के जरिए गांव में ही 3,850 क्विंटल मक्का की सीधी खरीदी की गई। खास बात यह रही कि किसानों को उनकी उपज के लिए मंडी दर से बेहतर कीमत मिली, जिससे परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत हुई।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत गठित लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, बकावंड और मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी, दरभा ने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से मक्का खरीदा। खरीदी गई उपज को बाद में स्थानीय व्यापारी सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड को सीधे विक्रय किया गया।

गांव में ही मिला बाजार, बचा परिवहन का खर्च

एफपीओ के माध्यम से उपज की खरीदी होने से किसानों को अपनी फसल लेकर मंडी या शहर तक जाने की जरूरत नहीं पड़ी। इससे वाहन किराया, परिवहन और अन्य खर्चों में बचत हुई। साथ ही मंडी में अपनी बारी के लिए इंतजार करने और अन्य औपचारिकताओं में लगने वाला समय भी बचा।

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह रहा कि किसान अपनी उपज को गांव में ही उचित और बेहतर कीमत पर बेच सके। इससे बिचौलियों पर निर्भरता कम होने के साथ किसानों की आमदनी बढ़ाने की संभावना भी मजबूत हुई है।

अब गांव में ही खाद-बीज और कृषि सामग्री देने की तैयारी

मक्का खरीदी के बाद एफपीओ अब किसानों को खेती के लिए जरूरी खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयां भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए एनआरएलएम के माध्यम से इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

मशीन उपलब्ध होने के बाद एफपीसी के माध्यम से किसानों को कृषि सामग्री समय पर और उचित दर पर उपलब्ध कराने की योजना है। इससे किसानों को खेती के लिए जरूरी इनपुट खरीदने के लिए दूसरे बाजारों पर निर्भरता कम होगी।

बिहान की पहल से बढ़ रहा किसानों का भरोसा

एफपीसी के पदाधिकारियों के अनुसार, किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना और उन्हें खेती से जुड़े संसाधन उचित दर पर उपलब्ध कराना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। इस पहल में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही।

बकावंड और दरभा में मक्का की खरीदी का यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में किसान, एफपीओ और बाजार के बीच सीधा जुड़ाव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *