घने जंगल में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन: दंतेवाड़ा में नक्सलियों का विस्फोटक जखीरा बरामद

4मई2026

दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए नक्सलियों के छिपाए गए भारी मात्रा में विस्फोटक और प्रतिबंधित सामग्री को बरामद किया है। लगातार आत्मसमर्पण कर रहे माओवादी कैडरों के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां उनके पुराने ठिकानों और डंप को खोजने के लिए अभियान तेज कर चुकी हैं।
इसी क्रम में 2 मई 2026 को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोडमा के घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन में CRPF की 195वीं बटालियन और दंतेवाड़ा पुलिस की टीम शामिल रही। जंगल में गहराई तक तलाशी के दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का बड़ा जखीरा मिला।
बरामद सामग्री में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, विभिन्न बोर के कारतूस और हथियारों के राउंड, विस्फोटक पदार्थ, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज, वायरलेस सेट, बैटरियां और एक भरमार राइफल शामिल है। इसके अलावा संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नक्सली साहित्य भी मिला है, जो नक्सलियों की गतिविधियों और योजनाओं से जुड़ा माना जा रहा है।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित अपने बेस लौट आए हैं। बरामद सामग्री को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि आने वाले समय में ऐसे ऑपरेशन और तेज किए जाएंगे, ताकि बस्तर क्षेत्र को पूरी तरह नक्सल प्रभाव से मुक्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *