जगदलपुर में संभाग स्तरीय विश्व मात्स्यिकी दिवस: आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और नवाचार पर हुआ मंथन
जगदलपुर, 22 नवंबर 2026। बस्तर में मत्स्य पालन को ग्रामीण रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत जरिया बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया गया। जगदलपुर के टाउन हॉल में शनिवार को संभाग स्तरीय ‘विश्व मात्स्यिकी दिवस’ के अवसर पर एक दिवसीय मत्स्य किसान संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों से पहुंचे मत्स्यपालक किसान, मछुआ सहकारी समितियां, मछुआ समूह, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
आधुनिक तकनीक से बढ़ेगा उत्पादन और मुनाफा
कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने मत्स्यपालकों को आधुनिक तकनीक से मछली उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए। कृषि विज्ञान केंद्र दंतेवाड़ा के वरिष्ठ वैज्ञानिक ओम प्रकाश ने तिलापिया और झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन और कम लागत में अधिक उत्पादन के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी।
वहीं मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों ने शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। पशुधन विकास विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. डीके नेताम ने मत्स्य पालन के साथ एकीकृत कुक्कुटपालन को अपनाने पर जोर दिया, जिससे किसानों के लिए आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित हो सकें।
सातों जिलों के किसानों ने साझा किए अनुभव
संगोष्ठी में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रगतिशील मत्स्यपालकों ने अपने अनुभव और नवाचार साझा किए। अतिथियों ने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव भी जाने। वक्ताओं ने मत्स्य पालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस क्षेत्र से जुड़ने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट समिति का सम्मान, किसानों को बांटे उपकरण
समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मत्स्य समितियों और हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य अलंकरण 2026 के अंतर्गत ‘ठाकुर प्यारेलाल पुरस्कार’ से सम्मानित लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम चित्रकोट की प्राथमिक कुड़ूक मछुआ एवं नौका विहार समिति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा समिति अनुदान योजना के तहत बस्तर जिले की तीन मछुआ सहकारी समितियों को मत्स्य आखेट के लिए जाल वितरित किए गए। मत्स्यपालकों और समितियों को आवश्यक उपकरण व अन्य सामग्री भी प्रदान की गई। पशुपालन विभाग की ओर से हितग्राहियों को पशुपालन मैत्री किट वितरित की गई।
मत्स्य पालन को रोजगार से जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ मत्स्यपालकों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें नई तकनीक, बेहतर प्रबंधन और सरकारी योजनाओं से जोड़कर मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना रहा। बस्तर में जल संसाधनों और स्थानीय संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर मत्स्य पालन को किसानों की आय बढ़ाने के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।