3 एकड़ जमीन से सालभर कमाई: फूलसिंह ने धान के साथ मक्का-सब्जियों से बदली खेती की तस्वीर

तोकापाल के किसान ने अपनाई बहुफसली खेती, रबी सीजन में सब्जियों से करीब 3 लाख रुपए की अतिरिक्त आय

जगदलपुर, 22 नवंबर 2026। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम राजूर निवासी किसान फूलसिंह सेठिया ने खेती में बदलाव की सोच अपनाकर अपनी आमदनी बढ़ाने की राह तैयार की है। तीन एकड़ कृषि भूमि पर वे खरीफ में धान की खेती करने के साथ रबी सीजन में मक्का और साग-सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। सिंचाई के लिए नलकूप की सुविधा मिलने से अब उनका खेत सालभर उपयोग में आ रहा है।

फूलसिंह खरीफ सीजन में श्री विधि से धान की खेती करते हैं। इस वर्ष उन्होंने 38 क्विंटल धान लिंकिंग के माध्यम से तोकापाल धान उपार्जन केंद्र में बेचने की तैयारी की है। उनके मुताबिक, इससे फसल ऋण की अदायगी में भी मदद मिलेगी। पिछले वर्ष भी उन्होंने 32 क्विंटल धान सहकारी समिति में बेचा था।

नलकूप ने बढ़ाई रबी फसल की संभावनाएं

खेत में नलकूप की सुविधा मिलने के बाद फूलसिंह ने खरीफ के बाद जमीन खाली छोड़ने के बजाय रबी सीजन में मक्का और विभिन्न प्रकार की साग-सब्जियों की खेती शुरू की। वे खेत में तैयार सब्जियों को तोकापाल, रायकोट और डिलमिली के स्थानीय बाजारों में बेचते हैं।

सब्जियों की बिक्री से उन्हें सीजन के दौरान करीब 3 लाख रुपए की आय प्राप्त होती है। धान, मक्का और सब्जी उत्पादन से होने वाली कमाई का उपयोग वे परिवार की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में करते हैं।

खेती में विविधता से बढ़ी आत्मनिर्भरता

फूलसिंह का कहना है कि सीमित जमीन का बेहतर उपयोग और एक ही साल में अलग-अलग फसलों से उत्पादन लेने से खेती अधिक लाभकारी बन रही है। उनका अनुभव बताता है कि सिंचाई की सुविधा और बहुफसली खेती को अपनाकर किसान अपनी आय के नए अवसर तैयार कर सकते हैं।

उन्होंने कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता को किसानों के लिए उपयोगी बताते हुए शासन के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि ऐसी योजनाओं से किसानों को खेती में नए प्रयोग करने और आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *