रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा की DSP कल्पना वर्मा को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई कारोबारी दीपक टंडन की शिकायत के बाद की गई, जिसमें उन पर कथित ‘लव ट्रैप’ के जरिए 2.5 करोड़ रुपये की वसूली और नक्सल ऑपरेशन की खुफिया जानकारी लीक करने का आरोप लगाया गया है।
गृह विभाग को दो सप्ताह पहले जांच रिपोर्ट भेजी गई थी, जिसकी अगुवाई ASP कीर्तन राठौर ने की। 30 दिन की जांच के दौरान 1,400 पन्नों की रिपोर्ट में दावा किया गया कि DSP ने कारोबारी से बड़ी रकम और महंगे गिफ्ट्स लिए और वॉट्सऐप के जरिए संवेदनशील पुलिस जानकारी साझा की।
कारोबारी दीपक टंडन का आरोप है कि 2021 से डीएसपी कल्पना वर्मा ने उनसे लगभग 2 करोड़ रुपये नकद, एक लग्जरी कार, 12 लाख की डायमंड रिंग, 5 लाख के सोने के गहने और अन्य महंगे गिफ्ट्स लिए। इसके अलावा, उन्होंने अपने भाई के नाम पर होटल खोलने के बहाने अतिरिक्त राशि वसूली।
DSP कल्पना वर्मा ने आरोपों को पूरी तरह झूठा और साजिश बताया है और जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय या शासन द्वारा निर्धारित स्थान रहेगा और जीवन निर्वाह भत्ते का भुगतान किया जाएगा।
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि पुलिस विभाग की खुफिया जानकारी का लीक होना राज्य की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। मामला उच्चस्तरीय निगरानी में है और आगे की कार्रवाई गृह विभाग की सिफारिश के अनुसार तय की जाएगी।
छत्तीसगढ़ की DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड, लव ट्रैप और करोड़ों की वसूली मामले में घिरीं अफसर