सेवा सेतु शिविरों में मिलेगा पीएम सूर्य घर योजना का लाभ, पंजीयन से लोन तक की सुविधा एक ही जगह

बस्तर में कलेक्टर आकाश छिकारा ने दिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश

जगदलपुर, 30 सितंबर 2026। बस्तर जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सेवा सेतु शिविरों में विशेष व्यवस्था की जा रही है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा सेतु अभियान के तहत जिले की सभी तहसीलों और विकासखंडों में आयोजित शिविरों में योजना के पंजीयन, ऋण सुविधा और शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष काउंटर लगाए जाएंगे।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक सेवा सेतु शिविर में कम से कम तीन दिनों तक पीएम सूर्य घर योजना के लिए विशेष स्टॉल या काउंटर संचालित किए जाएं। यहां पात्र उपभोक्ताओं को ऑनलाइन पंजीयन से लेकर ऋण स्वीकृति और शिकायतों के निराकरण तक की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

हितग्राहियों की सुविधा के लिए शिविरों में सिंगल विंडो प्रणाली लागू की जाएगी। इसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित बैंकों के प्रतिनिधि और अधिकृत सोलर वेंडर्स एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे। इससे उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए सोलर रथ, घर-घर संपर्क अभियान, प्रचार सामग्री का वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए स्थानीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का भी सहयोग लिया जाएगा।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार योजना का लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *