बस्तर में 8,200 घरों की छतों पर लगेगा सोलर रूफटॉप, पीएम सूर्य घर योजना को मिलेगी रफ्तार

जगदलपुर, 30 सितंबर 2026। बस्तर जिले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की तैयारी तेज कर दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में कुल 8,200 घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के तहत आम नागरिकों के साथ विशेष रूप से बीपीएल और पीएम आवास योजना के हितग्राहियों को सौर ऊर्जा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।

निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 5,600 घरों में स्थानीय पंजीकृत वेंडरों के माध्यम से सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जाएंगे। वहीं बीपीएल और पीएम आवास योजना के 2,600 चयनित परिवारों के घरों पर डीएमएफ और सीएसआर फंड के सहयोग से यूएलए (यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन) मॉडल के तहत सोलर पैनल स्थापित किए जाएंगे।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में बस्तर जिले के 511 घरों में सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। अब नए वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा रही है।

योजना की निगरानी और क्रियान्वयन को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव भी किया गया है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत अब छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को राज्य सहित बस्तर जिले में योजना की एकमात्र कार्यान्वयन एजेंसी बनाया गया है। यूएलए मॉडल के तहत होने वाले कार्यों की जिम्मेदारी भी अब विद्युत वितरण कंपनी संभालेगी।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से पीएम सूर्य घर योजना का लाभ उठाते हुए अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप लगवाने की अपील की है। इससे बिजली की जरूरतों को सौर ऊर्जा से पूरा करने के साथ स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *