जलकर नहीं भरा तो कटेगा नल, हो सकती है कुर्की; निगम ने 3 माह में वसूले 1.30 करोड़ रुपये

जगदलपुर18जुलाई 2026/नगर निगम जगदलपुर ने जलकर बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि समय पर जलकर जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटे जाएंगे और जरूरत पड़ने पर कुर्की जैसी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष वसूली अभियान के तहत पिछले तीन महीनों में करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये की जलकर वसूली की गई है। अभियान के दौरान 138 अवैध नल कनेक्शन हटाए गए, जबकि लंबे समय से बकाया नहीं चुकाने वाले 214 उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काट दिए गए हैं।

निगम प्रशासन ने बताया कि 25 बकायेदारों को नोटिस जारी कर बकाया राशि जल्द जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नगर निगम अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसमें नल कनेक्शन विच्छेद, कुर्की और अन्य वैधानिक वसूली प्रक्रियाएं शामिल हैं। साथ ही संबंधित उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क और कार्रवाई का खर्च भी वहन करना पड़ सकता है।

नगर निगम के अनुसार जलकर से प्राप्त राशि का उपयोग शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पाइपलाइन के रखरखाव, नई जलापूर्ति योजनाओं के संचालन और नागरिक सुविधाओं के विकास में किया जाता है।

निगम ने शहर के सभी जल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए अपना बकाया जलकर जल्द से जल्द जमा करें। निगम का विशेष वसूली अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *