35 से 39 साल की सेवा के बाद विदाई: जगदलपुर पुलिस के दो अनुभवी अधिकारियों को दी गई भावभीनी विदाई

जगदलपुर, 02 जून 2026।
जगदलपुर जिला पुलिस परिवार ने सोमवार को अपने दो अनुभवी अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। जिला मुख्यालय में आयोजित गरिमामयी समारोह में उप निरीक्षक राम प्रसाद सिंह ठाकुर और सहायक उप निरीक्षक (एमटी) चंद्र कुमार जायसवाल के सेवानिवृत्त होने पर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल को याद किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

उप निरीक्षक राम प्रसाद सिंह ठाकुर ने 21 दिसंबर 1990 को आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। लगभग 35 वर्ष 5 माह के सेवाकाल में उन्होंने प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और उप निरीक्षक के पदों पर कार्य करते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें 25 नगद पुरस्कार और 83 प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने दंतेवाड़ा, कुटरू, सुकमा, बीजापुर और बस्तर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सेवाएं दीं।

वहीं सहायक उप निरीक्षक (एमटी) चंद्र कुमार जायसवाल ने 25 जुलाई 1987 को आरक्षक चालक के रूप में पुलिस विभाग में अपनी यात्रा शुरू की थी। करीब 39 वर्षों तक वाहन शाखा में सेवाएं देते हुए उन्होंने विभागीय कार्यों के सुचारू संचालन में अहम भूमिका निभाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए 38 नगद पुरस्कार और 73 प्रशंसा पत्र प्रदान किए गए। उन्होंने बिलासपुर और बस्तर जिले में अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दीं तथा हाल ही में सहायक उप निरीक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नति प्राप्त की थी।

समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, ईमानदारी और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके अनुभव और नेतृत्व ने विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया है।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने दोनों अधिकारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला पुलिस परिवार ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *