जगदलपुर 20नवंबर2026/ शहर की सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित और घुमंतू मवेशियों को अब सुरक्षित ठिकाना मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। बस्तर जिले के परपा में नवीन गौधाम का पंजीयन किया गया है। छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग ने इसके संचालन की जिम्मेदारी नगर पालिक निगम जगदलपुर को सौंपी है। इस गौधाम में अधिकतम 200 निराश्रित और घुमंतू मवेशियों को रखने की व्यवस्था की जाएगी।
आयोग ने जिला प्रशासन को गौधाम में आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शेड, पेयजल, बिजली और सुरक्षित फेंसिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। उपलब्ध संसाधनों और क्षमता के आधार पर मवेशियों को यहां रखा जाएगा।
गौधाम के नियमित संचालन और निगरानी के लिए पशु चिकित्सा सेवा विभाग के संयुक्त अथवा उप संचालक को प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस पहल से सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों को सुरक्षित आश्रय मिलने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिल सकती है।