कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन

जंगलों में छिपा नक्सलियों का हथियार और विस्फोटक जखीरा बरामद, लगातार सर्चिंग से बैकफुट पर माओवादी

26मई 2026

कांकेर जिले के सीमावर्ती नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। कांकेर और नारायणपुर की सीमा से लगे घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया है। लगातार हो रही कार्रवाई से माओवादियों की गतिविधियों पर दबाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज श्री सुन्दरराज पी. के निर्देशन में कांकेर पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम द्वारा सीमावर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 25 मई को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम गुमचूर के जंगल-पहाड़ी इलाके में संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान नक्सली डम्प का खुलासा किया। यहां से .303 रायफल और एसएलआर के दर्जनों जिंदा राउंड, 5.56 रायफल की गोलियां, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, मैग्जीन फिलर, स्टील कंटेनर और नक्सली साहित्य बरामद किया गया।

इसके अलावा परतापुर थाना क्षेत्र के पदालमस्पी जंगल में भी सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली। यहां जवानों ने एक देशी पिस्टल, करीब दो किलो वजनी टिफिन आईईडी, पावर कंट्रोलर, वायर और बैटरी बरामद की। माना जा रहा है कि नक्सली किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे, जिसे जवानों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया।

सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सभी सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा और जंगलों में छिपे माओवादियों के खिलाफ सघन सर्चिंग आगे भी तेज की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *