26मई 2026
जगदलपुर। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने बस्तर और लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लेते हुए मैदानी अमले को पूरी जिम्मेदारी और शत-प्रतिशत कार्य करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत उप स्वास्थ्य केंद्र बालेंगा से हुई, जिसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडागांव, रोतमा, उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसगांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोटिया तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहंडीगुड़ा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय टीबी नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान और एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने तथा अभिभावकों की काउंसलिंग पर विशेष जोर दिया।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री ने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम को मजबूत बनाने के लिए यूविन पोर्टल पर शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने और आरसीएच डेटा समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए। वहीं कोल्ड चैन हैंडलर्स को वैक्सीन रखरखाव और वैक्सीन वायल मॉनिटर की तकनीकी जानकारी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, ग्रामीण स्वास्थ्य सहायक तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद पाए गए।