उड़ीसा से यूपी ले जाया जा रहा था गांजा, बस्तर में 6.35 लाख का मादक पदार्थ जब्त; 2 तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर। 18जुलाई 2026/बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नगरनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गांजा परिवहन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6.35 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास काले रंग के पिट्ठू बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।

तलाशी के दौरान दोनों के बैग से 6 पैकेटों में भरा कुल 12.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरिओम शर्मा (19 वर्ष) और मोनू चौरसिया (24 वर्ष) निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गांजे की खेप को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *