जगदलपुर।- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को बस्तर विधानसभा अंतर्गत ग्राम नियानार एवं ग्राम बिरिंगपाल धान संग्रहण केंद्रों का सतत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला प्रभारी शकील रिज़वी, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य, धान खरीदी केंद्र जांच समिति के संयोजक उमाशंकर शुक्ला सहित समिति के सदस्य मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद दीपक बैज ने आरोप लगाया कि नियानार धान संग्रहण केंद्र में लगभग 1 लाख 46 हजार क्विंटल धान पूरी तरह से खराब हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति साफ दर्शाती है कि भाजपा सरकार किसानों, आदिवासियों और बस्तर की जनता के प्रति कितनी गंभीर है। खराब धान को नए बोरों में भरकर और तालपतरी से ढंककर धान घोटाले और भ्रष्टाचार को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इसे जबरन मिलर्स को खपाया जा सके। दीपक बैज ने बताया कि बिरिंगपाल धान संग्रहण केंद्र में भी करीब 75 हजार क्विंटल धान पूरी तरह बर्बाद हो चुका है। इसके अलावा पिछले दो वर्षों का लगभग 1 लाख 40 हजार क्विंटल धान पानी में सड़ गया, जिसका अब तक उठाव नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इस खराब धान का जिम्मेदार कौन है और इसकी भरपाई कैसे होगी? स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धान खरीदी के बाद उसे खुले में छोड़ दिया गया, जिससे बरसात में भीगकर किसानों की मेहनत पूरी तरह बर्बाद हो गई। अब उसी खराब धान को छुपाने के लिए आनन-फानन में तालपतरी से ढंका जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नियानार और बिरिंगपाल मिलाकर ढाई लाख क्विंटल से अधिक धान का घोटाला सामने आया है, जो हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव से जवाब मांगा है। निरीक्षण के दौरान पूर्व जनपद अध्यक्ष अनीता पोयाम, कविता साहू, वीरेंद्र परिहार, महामंत्री अल्ताफ उल्ला खान, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया, फूलसिंह बघेल, मंडल अध्यक्ष भोजराज नाग, सरपंच धरम, रविशंकर तिवारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, चम्पा ठाकुर, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष निकेत राज झा, ग्रामीण अध्यक्ष अभिषेक डेविड, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, वैभव नेताम, हेमंत पांडे, इन्द्र झझ, अंनफाज खान, प्रदीप, खीरेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।