जगदलपुर- 13जनवरी 2026 छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आज मंगलवार को “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत पंचायत जनसंपर्क पदयात्रा की शुरुआत टांडपाल पंचायत भवन से की गई। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करते हुए की गई, जिसके साथ ही इस जनआंदोलन का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए केवल एक योजना नहीं, बल्कि काम का संवैधानिक अधिकार है, जिसे कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण मनरेगा मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी नहीं मिल पा रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आजीविका पर संकट गहराता जा रहा है। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “मनरेगा बचाओ–काम का अधिकार बचाओ” के नारे लगाए और ग्रामीणों को इस आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया। यात्रा के मार्ग में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पदयात्रा का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और जनसमर्थन देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंचायत स्तर तक जनसंपर्क कर लोगों को मनरेगा से जुड़े उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा और जब तक मजदूरों को उनका हक नहीं मिलेगा, यह आंदोलन जारी रहेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।