GGU में रंगोत्सव बना रणक्षेत्र — छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट, सुरक्षा पर उठे सवाल

26/02/2026छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) परिसर में प्री-होली सेलिब्रेशन उस समय हंगामे में बदल गया, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। जानकारी के अनुसार प्रशासनिक भवन से करीब 50 मीटर दूर गुरु घासीदास बाबा की प्रतिमा के पास अचानक विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में लात-घूंसे और धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा “रंगोत्सव 6.0” नाम से कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए थे। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ समय तक परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि प्रशासनिक भवन के बेहद नजदीक इस तरह की मारपीट होना बड़ी चूक माना जा रहा है। सूचना मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
गौरतलब है कि 2 मार्च को “रंगबरसे 5.0” थीम पर एक और प्री-होली कार्यक्रम प्रस्तावित है। ऐसे में ताजा घटना के बाद परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *