महापौर संजय पांडे का वार्ड दौरा — शहीद स्मारक से लेकर पुलिया निर्माण तक विकास कार्यों को दी रफ्तार

26/02/2026छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर में विकास और जनसुविधाओं को गति देने के उद्देश्य से महापौर संजय पांडे ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था, निर्माण कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम की टीम, एमआईसी सदस्य और पार्षद भी मौजूद रहे। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में चल रहे कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
दौरे के दौरान महापौर लालबाग स्थित झीरम घाटी शहीद स्मारक परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मरम्मत कार्यों और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह स्थल शहीदों की स्मृति से जुड़ा है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुरूप रखरखाव और नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इसके अलावा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड अंतर्गत मोहन नगर में लगभग 12 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन भी किया गया। इस पुलिया के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बरसात के समय जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी और आसपास के मोहल्लों का संपर्क बेहतर होगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है, ताकि आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *