जगदलपुर, 7 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर बस्तर जिले में आयोजित जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रयास आवासीय विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में अलग-अलग वर्गों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक हासिल कर अपनी जगह बनाई।
प्रतियोगिता के स्कूली वर्ग (कक्षा 9वीं से 12वीं) में प्रयास आवासीय विद्यालय जगदलपुर की छात्रा उत्पला ने 94 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी विद्यालय की निहारिका 68 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि एकलव्य आवासीय विद्यालय छिंदवाड़ा के संदीप नाग ने 66 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं महाविद्यालयीन एवं पोस्ट मैट्रिक छात्रावास के सीनियर वर्ग में धरमपुरा स्थित पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। एमए प्रथम सेमेस्टर की रिंकी नेताम ने 297 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। बीए छठे सेमेस्टर की तुलसी देवी नेताम 284 अंकों के साथ दूसरे और पीजीडीसीए प्रथम सेमेस्टर की फुलेश्वरी बघेल 224 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय संस्कृति, इतिहास और सामान्य ज्ञान से जुड़ी जानकारी हासिल करने के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। प्रतियोगिता के समापन पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास जीआर सोरी ने सभी सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।