2जून2026
जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर में उधार दिए गए पैसों की वसूली के लिए एक व्यक्ति की नई बोलेरो गाड़ी जबरन अपने कब्जे में रखकर उपयोग करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने करीब चार माह पहले वाहन खरीदने के लिए एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये उधार लिए थे। उधार लेने के बाद उसने 30 हजार रुपये वापस भी कर दिए थे, लेकिन 70 हजार रुपये की राशि बाकी थी। आरोप है कि बकाया रकम की वसूली के नाम पर दोनों आरोपियों ने प्रार्थी को डराया-धमकाया और उसकी नई बोलेरो वाहन को जबरन अपने कब्जे में लेकर उसका उपयोग करने लगे।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने विवेचना में सहयोग नहीं किया और वाहन को छिपाकर रखा था। बार-बार पूछताछ के बाद वाहन के संबंध में जानकारी सामने आई।
मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेकर किसी भी व्यक्ति की संपत्ति पर जबरन कब्जा करना अपराध है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।