नाम बदलने की खबरें निराधार, बस्तर दशहरा समिति ने स्पष्ट किया रुख
जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2026। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के ऐतिहासिक और पारंपरिक आयोजन ‘मुरिया दरबार’ को लेकर चल रही अटकलों पर बस्तर दशहरा समिति ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। समिति के अनुसार, 23 अक्टूबर को मुरिया दरबार का आयोजन परंपरागत रूप से सिरहासार भवन में ही किया जाएगा। इस वर्ष आयोजन स्थल में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
मुरिया दरबार का नाम बदले जाने की चर्चाओं को भी समिति ने निराधार बताया है। समिति की ओर से जारी निमंत्रण पत्र में ‘मुरिया दरबार’ का ही उल्लेख किया गया है। इससे स्पष्ट है कि इस ऐतिहासिक सामाजिक-सांस्कृतिक परंपरा का नाम और स्वरूप पूर्ववत है।
वहीं, बस्तर दशहरा के अवसर पर आम जनता और आगंतुकों की सुविधा के लिए लालबाग मैदान में प्रदर्शनी और आमसभा का आयोजन किया जा रहा है। मुरिया दरबार और लालबाग मैदान के कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर अपने निर्धारित स्वरूप में आयोजित होंगे।
बस्तर दशहरा समिति एवं प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आयोजन स्थल या नाम में बदलाव को लेकर फैल रही अपुष्ट खबरों और अफवाहों पर ध्यान न दें तथा सही जानकारी पर ही भरोसा करें।