रायपुर 27सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते महानदी समेत कई नदियां उफान पर हैं। इसी बीच गोबरा नवापारा के सोमवारी बाजार पुल पर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। नदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में शराब बहकर आने की खबर फैलते ही पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि बहाव के साथ जैसे ही बोतलें दिखाई देतीं, लोग उन्हें पकड़ने की कोशिश करने लगते। कुछ लोगों ने बांस में जाल बांधकर नदी से बोतलें निकालने का जुगाड़ भी लगाया। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भीड़ बढ़ गई और कई लोग नदी के तेज बहाव के बीच बोतलें पकड़ने की कोशिश करते नजर आए।
हालांकि, महानदी इस समय तेज बहाव में है और ऐसे हालात में नदी के किनारे या पुल के आसपास जाना जोखिम भरा हो सकता है। बहाव के बीच किसी वस्तु को पकड़ने की कोशिश में हादसा होने का खतरा बना रहता है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब की ये बोतलें नदी में कहां से और किन परिस्थितियों में पहुंचीं। स्थानीय स्तर पर इनके तेज बहाव के साथ धमतरी की ओर से आने की चर्चा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले स्थानों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।