29अप्रैल2026
छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा 2026 के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी वेणु जंघेल पर 5 हजार रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। बोर्ड परिणाम जारी होने से ठीक पहले पुलिस की यह सक्रियता शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में अहम मानी जा रही है। आरोपी लंबे समय से पुलिस गिरफ्त से बाहर है और लगातार ठिकाने बदलकर जांच एजेंसियों को चुनौती दे रहा है।
सिटी कोतवाली थाना में दर्ज इस मामले में आरोपी पर परीक्षा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आम जनता से भी सहयोग मांगा गया है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन पर कई सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में रिजल्ट से पहले आरोपी की तलाश तेज कर पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि परीक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अब देखना होगा कि घोषित इनाम के बाद पुलिस आरोपी तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है।