जगदलपुर (जिला बस्तर) में अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आमागुड़ा क्षेत्र में गांजा बिक्री करने की फिराक में खड़े एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 916 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार 700 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली को सूचना मिली थी कि हनी डेली नीड्स, आमागुड़ा के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग एवं नगर पुलिस अधीक्षक अमित देवांगन के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम अखिल पौराणिक (39 वर्ष), निवासी रिलायंस पेट्रोल पंप के पास आमागुड़ा, जगदलपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखी प्लास्टिक बोरी से 2 किलो 916 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और गांजा परिवहन करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद सिन्हा सहित पुलिस टीम और बस्तर फाइटर के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.9 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, डेढ़ लाख से ज्यादा की जब्ती