जगदलपुर, 25 अक्टूबर 2026। जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में बस्तर जिले के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर आकाश छिकारा की पहल पर शनिवार को तीसरे मॉक टेस्ट का आयोजन किया गया। इसमें चयनित 700 विद्यार्थियों में से 551 बच्चे शामिल हुए।
मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए जिले के प्रत्येक विकासखंड से शीर्ष 100-100 बच्चों का चयन किया गया है। इन विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन सामग्री और पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही कलेक्टर स्वयं बच्चों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं और उनकी शंकाओं के समाधान के लिए विशेष सत्र भी आयोजित करवाए जा रहे हैं।
परीक्षा में शामिल नहीं हो सके बच्चों के लिए भी व्यवस्था
शनिवार को अवकाश के कारण जो विद्यार्थी मॉक टेस्ट केंद्र तक नहीं पहुंच सके, उनकी तैयारी प्रभावित न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार संबंधित स्कूलों में प्रश्न-पत्र भेजकर बच्चों से उन्हें हल कराने की व्यवस्था की जा रही है।
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवोदय प्रवेश परीक्षा से पहले बेहतर अभ्यास कराना, समय प्रबंधन की क्षमता विकसित करना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।