मथुरा, 25 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार को एक महिला का शव घर की सीढ़ियों पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर खून से सनी ईंटें मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी हैं।
मामला मथुरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित चूना कंकड़ मोहल्ले का है। यहां रहने वाली कुसुम चतुर्वेदी घर में अकेली रहती थीं। रविवार को एक पड़ोसी ने उनके घर की सीढ़ियों पर शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। शव के पास खून से सनी ईंटें भी मिली हैं। परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ सिटी आशना चौधरी के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल महिला की मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है।