बेतिया में महिला की गला रेतकर हत्या, घर में सोते समय वारदात; CCTV से हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश

बेतिया16सितम्बर 2026/बिहार के बेतिया में कालीबाग थाना क्षेत्र के पक्की फुलवारी नुनिया टोली में 55 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बच्ची देवी अपने परिवार के साथ दो मंजिले मकान में रहती थीं। घटना के दौरान वह अपनी मझली बहू अंजू देवी के साथ कमरे में सो रही थीं। बुधवार तड़के करीब 3:30 बजे अंजू देवी ने अपनी बड़ी गोतनी को जगाया और सास के साथ हुई वारदात की जानकारी दी। कमरे में पहुंचने पर बच्ची देवी मृत अवस्था में मिलीं।

पुलिस के अनुसार, महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर उसकी दो कटी हुई उंगलियां भी मिली हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

तीन महीने पहले हुई थी मोबाइल चोरी, लगाया गया था CCTV

परिवार के घर में करीब तीन महीने पहले मोबाइल चोरी की घटना हुई थी। इसके बाद सुरक्षा के लिए घर में CCTV कैमरे लगवाए गए थे। अब पुलिस इन्हीं कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि वारदात से पहले और बाद में घर के आसपास मौजूद लोगों की जानकारी मिल सके।

जांच का एक अहम सवाल यह भी है कि बंद कमरे में हत्यारा किस रास्ते से घर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देने के बाद कैसे बाहर निकला। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार की भी तलाश कर रही है।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है। CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या की असली वजह और आरोपी की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *