गिरफ्तारी के बाद भी संतुष्ट नहीं सिया, बोलीं- सिर्फ कार्रवाई नहीं, दोषियों को मिले सजा

गुरुग्राम16सितंबर 2026/गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया को कार से टक्कर मारने के मामले में दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद भी सिया ने कहा है कि वह केवल गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं हैं। उनका कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

सिया के अनुसार, पुलिस ने मामले में कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश बैंसला को गिरफ्तार किया है। उन्होंने यह भी मांग की है कि घटना के समय कार में मौजूद अन्य दो लोगों की भूमिका की भी जांच की जाए और यदि उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो।

मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया बयान

सिया ने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। उन्होंने कथित तौर पर हुई टक्कर और उसके बाद की परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सिया ने बताया कि कुछ चोटों की स्थिति स्पष्ट करने के लिए एक्स-रे भी कराया जाना है।

जमानत का विरोध करने की बात

सिया के वकील अभिषेक चौहान ने कहा है कि यदि आरोपित जमानत के लिए अदालत का रुख करते हैं तो उनकी ओर से इसका विरोध किया जाएगा। उनका कहना है कि जांच पूरी होने तक आरोपितों को रिहा नहीं किया जाना चाहिए।

रविवार को हुई थी घटना

घटना रविवार सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। सिया अपनी अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से जा रही थीं, तभी एक मारुति सुजुकी सियाज ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना उनके साथ चल रहे बाइक सवारों के कैमरों में भी रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।

सिया ने आरोप लगाया था कि कार सवार लोग उन्हें परेशान कर रहे थे और कार से रास्ता रोकने की कोशिश की गई। उनके मुताबिक, इसके बाद कार ने अचानक रास्ता काटते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनका दावा है कि टक्कर के बाद बाइक करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही।

पुलिस के अनुसार, कल्याण बैंसला और लवनीश बैंसला को मंगलवार को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया। दोनों घटना के बाद राजस्थान चले गए थे।

सिया ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इन बातों से उन्हें फर्क नहीं पड़ता और उनका ध्यान मामले में कानूनी कार्रवाई पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *