जगदलपुर 18जुलाई 2026/बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में बस्तर में एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियान चलाया गया। तोकापाल क्षेत्र स्थित माता रुक्मणी आश्रम, डिमरापाल में आयोजित विशेष टीकाकरण शिविर में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 77 बालिकाओं को एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाई गई, जो सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से बचाव में प्रभावी मानी जाती है।
राज्य शासन की स्वास्थ्य प्राथमिकताओं के तहत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे से सुरक्षित करना है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले इस गंभीर कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि बाजार में इस जीवनरक्षक वैक्सीन की एक खुराक की कीमत लगभग 9 हजार रुपये तक होती है, जिसे हर परिवार वहन नहीं कर सकता। ऐसे में राज्य सरकार द्वारा यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराना बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल है।
विशेष शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीकाकरण के साथ-साथ बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर, उसके कारणों और बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले, आश्रम प्रबंधन और स्टाफ ने सक्रिय सहयोग दिया।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह अभियान न केवल बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा, बल्कि उनके स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की मजबूत नींव भी रखेगा।